सीहोर:मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के डीई अमित राय पर नवीन कॉलोनियों के इलेक्ट्रिफिकेशन में गड़बड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायत में दावा किया गया है कि राय ने कॉलोनियों का क्षेत्रफल कम दिखाकर कंपनी को करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।
सात कॉलोनियों के नाम भी सामने आए हैं, जहां क्षेत्रफल घटाकर प्लॉट संख्या कम दर्शाई गई, जिससे कॉलोनाइजरों को फायदा हुआ और कंपनी को राजस्व की हानि हुई। इधर,शिकायत की जांच के लिए दो डीई की टीम बनाई गई है। सूत्रों का दावा है कि शहर की 23 कॉलोनियों में इसी तरह की गड़बड़ी हुई है। इस बीच डीई अमित राय ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
आपको पूछने का अधिकार नहीं
इस मामले में कार्यपालन यंत्री अमित राय का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया. उन्होंने इस बारे में अपना पक्ष रखने से इनकार कर दिया. कार्यपालन यंत्री ने तर्क दिया है कि आप इस बारे में मुझसे कुछ नहीं पूछ सकते हैं.
दो सदस्यीय दल करेगा जांच
नवीन कॉलोनियों में इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य को लेकर जो शिकायत हुई है, उसकी जांच के लिए दो सीनियर डीई की कमेटी बनाई है। कमेटी में जो डीई हैं, उनके नाम सार्वजनिक नहीं कर सकते, यह गोपनीय विभागीय कार्रवाई है.
राकेश नायक, अधीक्षण यंत्री मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी
