
यादव समाज पर की थी विवादित टिप्पणी, वीडियो वायरल होने के यादव समाज पहुंचा थाने
अशोकनगर। जिले के चंदेरी से कांग्रेस के पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान उर्फ डग्गी राजा पर 15 दिन के अंदर दूसरी बार पुलिस ने Fir दर्ज की है। यह Fir यादव समाज की शिकायत के बाद की गई है।
दरअसल एक दिन पहले सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे कथित तौर पर यादव समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक व जातिसूचक भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद जिले भर के यादव समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। जहां समाज के लोग पूर्व विधायक के विवादित बोलो पर सोशल मीडिया पर जमकर बरसे, तो Fir के लिए थाने पहुंचे, जहां शिकायत के बाद गोपाल सिंह चौहान पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया हैं।
आधा सैकड़ा से अधिक लोग पहुंचे थाने
यादव समाज पर पूर्व विधायक द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में समाज के आधा सैकड़ा से अधिक लोग चंदेरी थाने पहुंचे जहां उन्होंने पूर्व विधायक के खिलाफ शिकायती आवेदन देते हुए Fir की मांग की। इस दौरान नारायण सिंह यादव निवासी पुरानी कचहरी चंदेरी, यादव समाज के अध्यक्ष केपी यादव, गांधी यादव, बबलू यादव, इंजी राहुल यादव सहित आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने एक लिखित शिकायत के साथ पेन ड्राइव में वायरल वीडियो प्रस्तुत कर गोपाल सिंह चौहान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की। वहीं बताया गया है कि पूर्व विधायक द्वारा दिए गए बयान से न केवल यादव समाज बल्कि लोधी व ठाकुर समाज के मध्य भी वैमनस्यता और संघर्ष को बढ़ावा देने वाले बोल हैं। वीडियो में डग्गी राजा द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा बेहद आपत्तिजनक बताई गई है, जिसमें उन्होंने जातिगत टकराव को हवा देने वाले शब्दों का प्रयोग किया। वहीं चंदेरी पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गोपाल सिंह चौहान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इस घटना के बाद एक फिर जिले में भाजपा और कांग्रेस आमने सामने आ गई हैं।
