इंदौर से गुना आ रही कमला बस मक्सी में दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत

गुना: इंदौर से गुना आ रही कमला ट्रेवल्स की यात्री बस बीती रात शाजापुर जिले के मक्सी बायपास पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में चालक सहित 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 16 से 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 9 यात्री गुना जिले के निवासी हैं।जानकारी सामने आई है कि कमला ट्रेवल्स की बस रात लगभग 12 बजे इंदौर से गुना के लिए रवाना हुई थी।

नेशनल हाइवे पर स्थित मक्सी बायपास के सिरोलिया क्रॉसिंग पर रात लगभग 2.30 बजे एक अनियंत्रित डंपर ने बस में टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बस 30 से 35 फीट दूर स्थित एक खाई में जाकर पलट गई। घटना के समय अधिकांश यात्री अपनी-अपनी सीट पर सो रहे थे। अचानक दुर्घटना का आभास होने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस और डायल 100 मौके पर पहुंची, जिसने घायलों को बस से बाहर निकालने का सिलसिला शुरु किया।

शाजापुर जिले के एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने इस हादसे में 3 लोगों के मरने की पुष्टि की है। मृतकों में बस चालक गुलाब सिंह निवासी गुना, यात्री अमन चौरसिया निवासी महू और डंपर चालक भेरूलाल निवासी बंजारी थाना अवंतीपुर बड़ोदिया शामिल हैं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस चालक गुलाब सिंह का शव निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल करना पड़ा।

बांकी यात्रियों को भी पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बस से बाहर निकाला और शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया है, जहां उनका उपचार जारी है। घायल यात्रियों ने बताया कि आधी रात होने की वजह से उन्हें कुछ नजर नहीं आया। तेज धमाके की आवाज से पता चला कि बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इसके बाद अधिकांश यात्री अपनी-अपनी जगह छोड़कर यहां-वहां बिखर गए और एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे, तब समझ आया कि बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।

Next Post

प्रधान आरक्षक को दी अंतिम विदाई

Sat May 10 , 2025
सतना: जिले के जैतवारा थाने के अंदर बने बैरक में प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को नकाबपोश बदमाश ने गोली मारी थी, जिसकी इलाज के दौरान दिल्ली में मौत हो गई, आज उसका पार्थिव शरीर उसके निजी निवास धवारी इलाके के महादेवा में पहुंचा, जहां से उसके पार्थिव शरीर को अंतिम […]

You May Like