एयरटेल अफ्रीका को हुआ 32.8 करोड़ डॉलर मुनाफा

नई दिल्ली, 08 मई (वार्ता) अफ्रीकी महाद्वीप के 14 देशों में दूरसंचार सेवा उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनी एयरटेल अफ्रीका को 31 मार्च 2025 को समाप्त वर्ष में मुनाफा 468.2 प्रतिशत की छलांग लगाकर 32.8 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया जबकि इसके पिछले वर्ष उसे 8.9 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ था।

कंपनी ने गुरुवार को यहां बयान जारी कर बताया कि उसने कर पश्चात 32.8 करोड़ डॉलर का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो कि पिछली अवधि के 8.9 करोड़ डॉलर के नुकसान की तुलना में उल्लेखनीय सुधार है। पिछली अवधि का प्रदर्शन मुख्य रूप से नाइजीरिया में व्युत्पन्न (डेरिवेटिव) नुकसान और विदेशी मुद्रा घाटे से प्रभावित था जबकि इस वर्ष परिचालन में स्थिरता और विदेशी बाजारों में बेहतर प्रबंधन ने मुनाफे को मजबूत आधार प्रदान किया।

कंपनी ने आलोच्य अवधि में स्थिर मुद्रा में 495.5 करोड़ डॉलर का राजस्व दर्ज किया, जो कि 21.1 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि को दर्शाता है। हालांकि, रिपोर्ट की गई मुद्रा में राजस्व में 0.5 प्रतिशत की गिरावट आई क्योंकि मुद्राओं के अवमूल्यन ने कुल रिपोर्टेड आंकड़ों पर असर डाला।

विशेष रूप से, नाइजीरिया में मजबूत निष्पादन और टैरिफ समायोजन ने इस वृद्धि को गति दी। तिमाही दर तिमाही आधार पर देखें तो वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में कंपनी ने स्थिर मुद्रा में 23.2 प्रतिशत और रिपोर्ट की गई मुद्रा में 17.8 प्रतिशत की राजस्व वृद्धि हासिल की क्योंकि इस दौरान मुद्रा से जुड़ी बाधाएं पहले की तुलना में कम रहीं। यह प्रदर्शन कंपनी की रणनीतिक लचीलापन और विविध बाजारों में सफल संचालन को दर्शाता है।

पूरे समूह में कंपनी ने मोबाइल सेवाओं के राजस्व में स्थिर मुद्रा के आधार पर 19.6 प्रतिशत की सशक्त बढ़ोतरी दर्ज की। इस वृद्धि में वॉयस सेवाओं से राजस्व में 10.6 प्रतिशत और डेटा सेवाओं से राजस्व में 30.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी शामिल है, जो यूजरो की बढ़ती डिजिटल खपत और नेटवर्क विस्तार का परिणाम है। इसके अलावा मोबाइल मनी सेवाओं ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसमें राजस्व में 29.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

कंपनी का 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए अंतर्निहित ईबीआईटीडीए रिपोर्ट की गई मुद्रा में 5.1 प्रतिशत घटकर 230.4 करोड़ डॉलर रहा। ईबीआईटीडीए मार्जिन घटकर 46.5 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वर्ष के 48.8 प्रतिशत कम है। यह गिरावट मुख्य रूप से ईंधन की कीमतों में वृद्धि और समूचे समूह में नाइजीरिया के अपेक्षाकृत कम योगदान के कारण हुई।

वहीं, कंपनी ने वित्त वर्ष 25 की पहली तिमाही में 45.3 प्रतिशत के मुकाबले वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में ईबीआईटीडीए मार्जिन बढ़ाकर 47.3 प्रतिशत करने में सफलता पाई। यह सुधार स्थिर परिचालन वातावरण और लागत दक्षता कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते संभव हो पाया।

एयरटेल अफ्रीका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील तलदार ने कहा, “हमने एक और मजबूत परिचालन प्रदर्शन दर्ज किया है, जो इस बात को दर्शाता है कि हमारी रणनीति हमारे बाजारों में मौजूद महत्वपूर्ण अवसरों के साथ सटीक रूप से जुड़ी हुई है। नई रणनीति पर ध्यान केंद्रित करने से नेटवर्क में निरंतर निवेश संभव हुआ है। साथ ही ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए हमारे डिजिटल प्लेटफॉर्म और सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। इसके परिणामस्वरूप हमारे स्मार्टफोन ग्राहक आधार में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह अब 7.44 करोड़ डॉलर तक पहुंच चुका है, जिससे वर्ष के दौरान डेटा ट्रैफिक में 47.5 प्रतिशत की वृद्धि में योगदान मिला है।”

उन्होंने आगे कहा, “एयरटेल मनी ने वित्तीय समावेशन को मजबूती प्रदान की है, जहां ग्राहकों की संख्या 17.3 प्रतिशत बढ़कर 4.46 करोड़ डॉलर हो गई है। हमारा व्यापक डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र अब 136 अरब डॉलर के वार्षिक लेनदेन मूल्य को संभालता है, जो निरंतर मुद्रा में 32 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।”

श्री तलदार ने कहा, “हाल में ऑपरेटिंग वातावरण में जो स्थिरता आई है वह उत्साहजनक है, लेकिन हम वैश्विक घटनाक्रमों के संभावित प्रभावों के प्रति भी सजग हैं। हम अपने ग्राहकों के जीवन को बेहतर बनाने और हमारे बाजारों में आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए अपनी रणनीति को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करते रहेंगे। मैं अपने ग्राहकों, भागीदारों, सरकारों, विनियामकों और खासतौर पर अपने कर्मचारियों को उनके निरंतर सहयोग और अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।”

Next Post

केंद्रीय कृषि मंत्री की अगुवाई में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-खरीफ अभियान 2025 का सफल आयोजन

Thu May 8 , 2025
*केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने की 29 मई से राष्ट्रव्यापी ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा* *भारत, दुनिया की अब चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है-शिवराज सिंह* *भारत सरकार द्वारा आतंक के विनाश का महाभियान चल रहा है-शिवराज सिंह* *“ऑपरेशन सिंदूर” एक संदेश है कि देश की तरफ किसी […]

You May Like