सियोल/प्योंगयांग 08 मई (वार्ता) उत्तर कोरिया ने गुरुवार को जापान सागर की ओर छोटी दूरी की कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं जो समुद्र में गिरने से पहले करीब 800 किलोमीटर तक उड़ीं।
दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी ‘योनहाप’ ने कोरिया गणराज्य के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के हवाले से बताया कि उत्तर कोरिया ने आज तड़के छोटी दूरी की कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जो समुद्र में गिरने से पहले लगभग 800 किलोमीटर (497 मील) तक उड़ीं।
अनादोलु समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में जेसीएस ने कहा कि ये प्रक्षेपण स्थानीय समयानुसार सुबह 8:10 बजे (बुधवार को 2310 जीएमटी) पूर्वी तटीय शहर वॉनसन से देखे गए।जेसीएस ने कहा, “ हमारी सेना ने आगे के प्रक्षेपणों की आशंका में निगरानी बढ़ा दी है और पूरी तरह से तैयार है।”उन्होंने कहा कि वे स्थिति पर अमेरिका और जापान के साथ निकटता से समन्वय कर रहे हैं।
इससे पहले, योनहाप ने दक्षिण कोरियाई जेसीएस का हवाला देते हुए बताया था कि उत्तर कोरिया ने जापान सागर की ओर एक अज्ञात बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी।
मार्च के मध्य में जेसीएस ने कहा कि उत्तर कोरिया ने कई बैलिस्टिक मिसाइलों का प्रक्षेपण किया, जो कथित तौर पर दक्षिण कोरिया और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा अपने वार्षिक फ्रीडम शील्ड अभ्यास शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद हुआ था।
सोनिया,आशा

