शेयर बाजार में तेजी

मुंबई, 07 मई (वार्ता) भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद ब्रिटेन के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के मजबूत रुख की बदौलत हुई चौतरफा लिवाली से आज शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ।

बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 105.71 अंक उछलकर 80,746.78 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 34.80 अंक बढ़कर 24414.40 अंक पर पहुंच गया। बीएसई की दिग्गज कंपनियों के मुकाबले मझौली और छोटी कंपनियों में अधिक लिवाली हुई, जिससे मिडकैप 1.36 प्रतिशत की छलांग लगाकर 42,970.15 अंक और स्मॉलकैप 1.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ 47,377.90 अंक हो गया।

इस दौरान बीएसई में कुल 4046 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2206 में तेजी जबकि 1683 में गिरावट रही वहीं 157 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई की कुल 2902 कंपनियों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1772 में लिवाली जबकि 1049 में बिकवाली हुई वहीं 81 में टिकाव रहा।

विश्लेषकों के अनुसार, भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों को सतर्क कर दिया, जिससे बाजार में अस्थिरता बनी रही। इसके बावजूद एफआईआई के लगातार निवेश और हाल ही में भारत-ब्रिटेन के बीच हुए एफटीए ने बाजार को मजबूत आधार दिया। विशेष रूप से एफटीए के प्रभाव से ऑटो सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया वहीं वित्तीय शेयरों में भी खरीदारी देखी गई, जिससे प्रमुख सूचकांकों को सहारा मिला।

शुरुआती कारोबार के दौरान निवेशकों की भावनाएं अस्थिर रहीं। इस अस्थिरता की प्रमुख वजह भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वालू कश्मीर (पीओके) में किए गए मिसाइल हमले रहे, जिन्हें ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया है। इस सैन्य कार्रवाई के तहत सेना ने नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद का अड्डा और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय भी शामिल था। यह ऑपरेशन दो सप्ताह पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी।

सैन्य घटनाक्रम के चलते निवेशक सतर्क दिखे और बाजार में भारी उतार-चढ़ाव रहा। हालांकि, विश्लेषकों का मानना है कि यदि हालात नियंत्रित रहते हैं और तनाव आगे नहीं बढ़ता तो बाजार जल्द ही स्थिरता की ओर लौट सकता है।

बीएसई में हेल्थकेयर और एफएमसीजी में 0.41 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर अन्य 19 समूहों में तेजी रही। इस दौरान ऑटो 1.74, कमोडिटीज 0.67, सीडी 1.21, ऊर्जा 0.27, वित्तीय सेवाएं 0.94, इंडस्ट्रियल्स 0.59, आईटी 0.19, दूरसंचार 0.41, यूटिलिटीज 0.53, बैंकिंग 0.54, कैपिटल गुड्स 0.43, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.05, धातु 1.19, तेल एवं गैस 0.45, पावर 0.95, रियल्टी 1.12, टेक 0.07, सर्विसेज 0.39 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.15 प्रतिशत मजबूत रहे।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में मिलाजुला रुख रहा। इससे ब्रिटेन का एफटीएसई 0.30, जर्मनी का डैक्स 0.18 और जापान का निक्केई 0.14 प्रतिशत लुढ़क गया जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.13 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.80 प्रतिशत चढ़ गया।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 692 अंक की गिरावट लेकर 79,948.80 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 79,937.48 अंक के निचले जबकि 80,844.63 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा और पूरे दिन एक सीमित दायरे में रहा। अंत में पिछले दिवस के 80,641.07 अंक के मुकाबले 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 80,746.78 अंक पर पहुंच गया।

इसी तरह निफ्टी भी 146 अंक उतरकर 24,233.30 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 24,220.00 अंक के निचले जबकि 24,449.60 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 24,379.60 अंक की तुलना में 0.14 प्रतिशत चढ़कर 24,414.40 अंक पर बंद हुआ।

इस दौरान सेंसेक्स की मुनाफा कमाने वाली कपंनियों में टाटा मोटर्स 5.05, बजाज फाइनेंस 2.14, इटरनल 1.85, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.64, अडानी पोर्ट्स 1.41, टाटा स्टील 1.32, टाइटन 1.28, पावरग्रिड 1.15, कोटक बैंक 1.06, एचडीएफसी बैंक 0.73, मारुति 0.46, एसबीआई 0.26, आईसीआईसीआई बैंक 0.26, टेक महिंद्रा 0.23, इंडसइंड बैंक 0.18, एनटीपीसी 0.13 और एक्सिस बैंक 0.07 प्रतिशत शामिल रही।

वहीं, एशियन पेंट 3.53, सन फार्मा 1.95, आईटीसी 1.15, एचसीएल टेक 1.04, रिलायंस 1.02, नेस्ले इंडिया 0.77, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.77, टीसीएस 0.40, एलटी 0.37, भारती एयरटेल 0.27, इंफोसिस 0.19 और अल्ट्रासिम्को के शेयर 0.19 प्रतिशत नुकसान में रहे।

Next Post

सोना, चांदी में घट-बढ़

Wed May 7 , 2025
इंदौर, 07 मई (वार्ता) स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना 200 रुपये ऊंचा तथा चांदी में 400 रुपये की सस्ती बिकी। चांदी सिक्का स्थिर रहा। विदेशी बाजार में सोना 3392 डालर व चांदी 3293 सेंट प्रति औंस बिकी। उल्लेखनीय है कि सोना- चांदी के भाव में देर रात तक फेरबदल होता […]

You May Like