भोपाल, 07 मई (वार्ता) ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि श्री मोदी ने जो कहा, वो किया और भारतीय सेनाओं की इस कार्रवाई से हम सब का सीना 56 इंच का हो गया है।
डॉ यादव ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जो कहते हैं, वो होता है। हमारी सेनाएं भी जगतजननी मां दुर्गा के समान शक्ति संपन्न है। सेना ने पाकिस्तान के नौ ठिकानों पर पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस कार्रवाई से पूरा देश आनंद में है।
उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से ही स्पष्ट है, महिलाओं के सिंदूर पर गलत नजर डालने वालों को जिस तरह जवाब दिया गया है, वो दृश्य टीवी पर दिख रहे हैं। इस समूचे घटनाक्रम ने उस इरादे को मजबूत किया है, जिसमें श्री मोदी ने कहा था कि भारत पर गलत निगाह डालने वालों को मिट्टी में मिला देंगे। आतंकवाद पर इस जबर्दस्त प्रहार को लेकर श्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूरी सरकार बधाई की पात्र है।
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पूरे भारतवासी, जिन्होंने एकजुटता दिखाई, सबके लिए ये कार्रवाई गौरव की बात है। इस पूरी मुहिम में मध्यप्रदेश भी चट्टान की तरह खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहेंगे और करेंगे, मध्यप्रेश पूरी तरह उसमें उनके साथ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीती रात हमारे देश का बहुत गौरवशाली समय है, जिसमें कोई व्यक्तिगत जनहानि नहीं हुई, बस आतंकवाद के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया गया। इस कार्रवाई से हम सब का सीना 56 इंच का हो गया है।
