हवाला कारोबार बेपर्दा, 1.30 करोड़ नमकीन के पैकेट में छिपाकर भेजे जा रहे थे मुंबई

इंदौर:पुलिस ने हवाला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए माणिक बाग रोड स्थित एक ट्रेवल्स ऑफिस से नमकीन के पैकेट में छिपाकर मुंबई भेजे जा रहे एक करोड़ तीस लाख पचास हजार रुपये की अवैध नकदी जब्त की है. इस ऑपरेशन में राजेन्द्र नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर हवाला नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है.

राजेन्द्र नगर पुलिस को माणिक बाग रोड स्थित राजरतन टूर एंड ट्रेवल्स ऑफिस से एक संदिग्ध पार्सल की सूचना मिली. ट्रेवल्स के कर्मचारी रश्मित खनूजा ने बताया कि एक व्यक्ति नवनीत ने मुंबई के बोरीवली के लिए नमकीन बताकर पार्सल बुक कराया था, लेकिन उसकी गतिविधियाँ संदिग्ध लगने पर पार्सल को जांच के लिए रोका गया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज बिरथरे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पार्सल खोला गया, जिसमें नरसिंह नमकीन सेव के पैकेटों के बीच छिपाकर रखे 1.30 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए. रकम को अखबारों में लपेटकर 13 बंडलों में पैक किया गया था, प्रत्येक बंडल पर 10 लाख अंकित था. अतिरिक्त 50,000 की राशि अलग गड्डियों में मिली. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पार्सल भेजने वाले आरोपी नवनीत वर्मा को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है. पुलिस अब हवाला रैकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों और नेटवर्क की जांच कर रही है.
यह किया जब्त
500 के नोटों की 260 गड्डियाँ। 100, 200, 500 के नोटों की मिश्रित गड्डी: 50,000। नरसिंह नमकीन सेव के 6 पैकेट (250 ग्राम प्रत्येक) कुल जब्त राशि: 1,30,50,000.

Next Post

बुलडोजर चला; बिना निगम स्वीकृति के बन रहा था पांच मंजिला भवन

Wed May 7 , 2025
इंदौर: बिना निगम स्वीकृति के बनाए जा रहे पांच मंजिला भवन के अवैध निर्माण पर निगम का बुलडोजर चला. कार्रवाई करते हुए निगम ने अवैध निर्माण तोड़ दिया. आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देशानुसार आज प्रातः काल जोन क्रमांक 7 वार्ड क्रमांक 32 में प्लांट क्रमांक 238, स्कीम नंबर 78 में […]

You May Like