गाजा में अक्टूबर 2023 से अब तक 57 लोगों की कुपोषण से मौत

गाजा, 03 मई (वार्ता) इजरायल और हमास के बीच 07 अक्टूबर 2023 को युद्ध शुरू होने के बाद से गाजा पट्टी में कम से कम 57 फिलिस्तीनियों की कुपोषण से मौत हुयी है, जिनमें ज्यादातर बच्चे हैं।

एक फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों के फील्ड अस्पतालों के निदेशक मारवान अल-हम्स ने चीन की न्यूज एजेंसी शिन्हुआ को बताया, “इजरायली नाकाबंदी और स्वास्थ्य व्यवस्था के लगभग पतन हो जाने के कारण कुपोषण से जुड़ी मौतों की संख्या में वृद्धि हो रही है।”

उन्होंंने कहा कि लंबे समय से खराब पोषण और बुनियादी खाद्य आपूर्ति की कमी के कारण अधिकांश निवासी एनीमिया से पीड़ित हैं, और फील्ड अस्पतालों में रक्तदाताओं में एनीमिया के बढ़ते मामले देखे जा रहे हैं, जो आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में बाधा डालता है।

अल-हम्स ने चेतावनी दी कि कैंसर और किडनी फेलियर सहित पुरानी बीमारियों से पीड़ित रोगी उपचार और विशेष देखभाल की कमी के कारण बेमौत मर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “घायलों और गंभीर रूप से बीमार लोगों को तत्काल देखभाल की आवश्यकता है, जो हम अब प्रदान नहीं कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि केवल कुछ ही फील्ड अस्पताल अभी भी चल रहे हैं, जो बड़े पैमाने पर स्वयंसेवकों द्वारा चलाए जा रहे हैं।

इस बीच, हमास द्वारा संचालित सरकारी मीडिया कार्यालय ने इजरायल पर नागरिक आबादी के खिलाफ भुखमरी को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

मीडिया कार्यालय ने एक बयान में कहा, “जो कुछ हो रहा है वह मानवीय आपदा की परिभाषा से परे है। यह अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत एक युद्ध अपराध है।”

बयान में दावा किया गया कि इजरायल ने सहायता के प्रवेश को प्रतिबंधित करना जारी रखा है और भोजन और स्वास्थ्य से संबंधित बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है।

हमास के साथ जनवरी में हुए युद्ध विराम समझौते के पहले चरण की समाप्ति के बाद 02 मार्च को इज़रायल ने गाजा में माल और आपूर्ति के प्रवेश को रोक दिया। पार्टियों के बीच आम सहमति की कमी के कारण दूसरे चरण को अभी तक लागू नहीं किया गया है। वहीं 18 मार्च को इज़रायल ने एन्क्लेव में अपने सैन्य अभियान फिर से शुरू किए।

गाजा स्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि इज़रायल द्वारा अपने गहन हमलों को फिर से शुरू करने के बाद से कम से कम 2,396 फ़िलिस्तीनी मारे गए और 6,325 अन्य घायल हुए, जिससे अक्टूबर 2023 से कुल मौतों की संख्या 52,495 हो गई और 118,366 घायल हो गए।

 

Next Post

लखनऊ में फैक्ट्री में लगी आग, दो मरे

Sat May 3 , 2025
लखनऊ 03 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में शनिवार शाम एक फैक्ट्री में लगी आग में झुलस कर दो लोगों की मौत हो गयी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आग लगने से हुए हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त […]

You May Like