
जबलपुर। मौसम का एक बार फिर मिजाज बदलने वाला है। 40 से 50 किमी की रफ्तार से आंधी चल सकती है जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया। 3 से 4 मई और पांच एवं सात मई को आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जाहिर की गई है। शुक्रवार को सुबह से सूर्यदेव तमतमाये रहे। दिनभर सूर्यदेव के तेवर उग्र रहने से भीषण गर्मी महसूस हुई। अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 48 और शाम को 29 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पूर्वी हवाएं पांच से छह किमी की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो एक पश्चिमी विक्षोभ दक्षिणी पंजाब और उससे सटे उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी हरियाणा के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में समुद्र तल से 5.8 और 7.6 किमी ऊपर अवस्थित है। एक चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य मुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके अलावा अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हो रही है जिसके असर से मौसम की रंगत बदल रही है।
