भोपाल, 30 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश में जाति के आधार पर जनगणना कराने के केंद्र सरकार के निर्णय की सराहना करते हुए आज कहा कि ऐसा होने पर सभी वर्गों का विकास होगा, लेकिन विपक्षी दल कांग्रेस का कार्य सिर्फ झूठ बोलना और भ्रम फैलाना है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता श्री चौहान ने यहां शाम को प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी मौजूद थे। श्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने जाति के आधार पर जनगणना कराने का निर्णय लिया है। इसके बाद से विपक्ष के दल श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्य ही झूठ बोलना और भ्रम फैलाना है।
श्री चौहान ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर अन्य प्रधानमंत्रियों का जिक्र किया और कहा कि ये लोग दशकों सत्ता में रहे, लेकिन कभी भी जाति के आधार पर जनगणना नहीं करायी। उन्होंने श्री राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि जब इनकी पार्टी सत्ता में नहीं रहती है तो वे जाति आधारित जनगणना की मांग करते हैं। अब जब भाजपा ने इस संबंध में निर्णय ले लिया है तो वह भ्रम फैलाकर श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं।
जाति आधारित जनगणना के केंद्र सरकार के निर्णय के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री गांधी के बयानों के संबंध में श्री चौहान ने कहा, “उन्हें संविधान पढ़ने के लिए ट्यूशन लगानी चाहिए।” उन्होंने कहा कि जब सरकार ने निर्णय लिया है तो जनगणना की तिथि आदि भी बतायी जाएगी, लेकिन क्या हम विपक्ष के कहने पर कोई कार्य करेंगे।
एक सवाल के जवाब में श्री चौहान ने कहा कि भाजपा मुद्दों को लेकर राजनीति नहीं करती है और न ही केंद्र सरकार के इस फैसले का आने वाले समय में बिहार विधानसभा चुनाव से कोई संबंध है। इसी से जुड़े एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एेसे अनेक निर्णय पहले भी हुए हैं, जो हमारे घोषणापत्र में नहीं रहे, लेकिन उसके संबंध में निर्णय लिए गए। उन्होंने इस बात से भी इंकार किया कि भाजपा ने कभी ऐसा कहा था कि जाति आधारित जनगणना से देशहित नहीं होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जाति आधारित जनगणना का फैसला “सबका साथ, सबका विकास और सबके कल्याण” के लिए है। उन्होंने कहा कि वे जातिगत जनगणना कराने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हैं। ये निर्णय जाति की राजनीति नहीं, अपितु सुशासन की आधारभूत नींव है। समाज के हर वर्ग को न्याय देने का प्रयास है, जो पूरे पारदर्शी तरीके से जमीन पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज के व्यापक हित में जातिगत जनगणना का उपयोग किया जाएगा।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि तेलंगाना में जातिगत जनगणना नहीं हुई है, सर्वे हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज “विज़न” की बात करती हैं, कांग्रेस का “विजन” समाज का विभाजन रहा है। विभाजनकारी नीतियाँ रहीं हैं, समाज को तोड़ने का रहा है, लेकिन हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास, को मूल मंत्र मानकर आगे बढ़ रहे हैं।
पत्रकार वार्ता की शुरूआत के पहले पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा के दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया गया। श्री चौहान ने भी श्री सलूजा के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।
