USDF तकनीक से रेल पटरियों की सुरक्षा को मिला डिजिटल कवच

भोपाल। रेल पटरियों की आंतरिक संरचना की बारीकी से जांच के लिए तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है. भोपाल मंड़ल में अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन (यूएसडीएफ) तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है. यह नवीनतम तकनीक रेल की पटरियों में समय के साथ उत्पन्न होने वाले आंतरिक दोषों को प्रारंभिक अवस्था में ही चिन्हित कर लेती है, जिससे आवश्यक अनुरक्षण कार्य समय पर पूरा किया जा सके और यात्री व मालगाड़ियों का परिचालन पूरी तरह सुरक्षित और संरक्षित रह सके.

भोपाल मंडल में वर्तमान में लगभग 2000 किलोमीटर ट्रैक की नियमित रूप से यूएसडीएफ मशीनों द्वारा जांच की जा रही है. इस जांच की आवृत्ति ट्रेनों के आवागमन के घनत्व (जीएमटी) पर आधारित होती है और मंडल के विभिन्न सेक्शनों में प्रत्येक दो से चार माह में ट्रैक की जाँच की जाती है. मंडल में वर्तमान में कुल 08 यूएसडीएफ टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 15 प्रशिक्षित इंजीनियर कार्यरत हैं. ये सभी इंजीनियर बी-स्कैन यूएसडीएफ मशीनों से लैस हैं, जो ट्रैक की आंतरिक स्थिति को डिजिटल रूप में दर्ज कर तुरंत विश्लेषण की सुविधा प्रदान करती हैं। वेल्ड की सटीक जांच हेतु सभी टीमों को डिजिटल वेल्ड टेस्टर भी प्रदान किए गए हैं, जिससे वेल्डिंग खामियों का सटीकता से पता लगाया जा सके.

ट्रैक जांच के दौरान संपूर्ण कार्य का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाता है, जिसे विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। वर्ष 2024-25 में मंडल के स्तर पर 10,000 किलोमीटर ट्रैक, 34,000 वेल्ड, 4704 टर्नआउट और 4498 स्वीच एक्सपेंशन जॉइंट्स की सूक्ष्मता से जांच की गई. इस जांच के दौरान 861 फ्लॉ चिन्हित किए गए, जिनकी तत्काल मरम्मत कर दी गई, जिससे ट्रेनों के संचालन में कोई व्यवधान न आए और संरक्षा मानकों का पूर्ण पालन हो सके.

भोपाल मंडल के यूएसडीएफ इंजीनियरों को समय-समय पर आरडीएसओ लखनऊ एवं इरिसेन पुणे जैसे संस्थानों में विशेषज्ञ प्रशिक्षण हेतु भेजा जाता है, ताकि वे नवीनतम तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य कर सकें और संरक्षा में निरंतर सुधार किया जा सके.

यूएसडीएफ तकनीक आज भारतीय रेलवे की संरक्षा प्रणाली का एक अविभाज्य अंग बन चुकी है. यह न केवल ट्रैक की विश्वसनीयता और स्थायित्व को सुनिश्चित करती है, बल्कि समय रहते खतरों की पहचान कर संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी सहायक सिद्ध हो रही है. भोपाल मंडल इस तकनीक के कुशल क्रियान्वयन से ट्रेनों के संरक्षित संचालन की दिशा में लगातार सफलताएं अर्जित कर रहा है.

Next Post

अभिनेता राजीव वर्मा ने कॉमेडी के नाम पर किया फुहड़ता का विरोध

Tue Apr 29 , 2025
भोपाल। फिल्म अभिनेता राजीव वर्मा कॉमेडी के नाम पर समाज में फैलाई जा रही फुहड़ता का विरोध कर रहे हैं. सोमवार को संस्कार भारती भोपाल के अध्यक्ष राजीव वर्मा ने आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जताई. वर्मा ने कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडी के नाम आजकल कुछ […]

You May Like