पुलिस ने रेप के आरोपी को किया गिरफ्तार
इंदौर:महिला से बलात्कार के आरोप में फरार चल रहे युवक को पुलिस ने हुलिया बदलकर छिपे रहने के बावजूद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी रोहित कल्याने ने देवास जिले के रानायर गांव में पहचान छिपाकर शरण ली थी.अप्रैल माह में तिलक नगर थाने में दर्ज शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने तिलक नगर क्षेत्र स्थित होटल एस प्राइड में उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा.
पुलिस ने बलात्कार और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी. शुरुआती दौर में उसके घर और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ने अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया है और देवास जिले के रानायर गांव में रह रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने रानायर गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
