
ग्वालियर। फूलबाग मैदान में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आज देश के संविधान को बचाने की बहुत जरुरत है। उन्होंने उपस्थित जन समूह से पूछा कि संविधान की रक्षा के लिए खून की अंतिम बूंद तक जान देनी पड़ी तो तैयार रहोगे? चारों ओर से आवाज आई, तैयार रहेंगे।
पटवारी ने कहा कि आज पूरे देश में संविधान बचाने की बात हो रही है, कांग्रेस पार्टी संविधान और देश के सम्मान को बचाने की बात कर रही है, देश के संविधान की रक्षा के सिपाहियों को तैयार करने की बात कर रही है, हमारे बुजुर्ग देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ते रहे, शहादत देते रहे, हमारे महापुरुषों ने संविधान बचाया और आज उसकी हत्या हो रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज सुबह मैं मुरैना गया था वहां सुमावली विधानसभा में 14 अप्रैल को एक दलित को इसलिए मार दिया गया क्योंकि वह बाबा साहब के जन्मदिन पर डीजे रहा था, उसे मारने वाले इस सरकार में मंत्री के समर्थक थे इसलिए संविधान बचाने की जरुरत है।
संविधान बचाओ रैली को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, राकेश चौधरी, अरुण यादव, भगवान सिंह यादव, केपी सिंह, गोविंद सिंह, कुणाल चौधरी, बाला बच्चन, पीसी शर्मा, शहर अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र दर्शन सिंह, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, साहब सिंह, महापौर शोभा सिकरवार, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, लाखन सिंह, कांग्रेस नेता बालेन्दु शुक्ला, महाराज सिंह पटेल, सुनील शर्मा, वीर सिंह तोमर, सुरेन्द्र यादव सहित अन्य कांग्रेस नेताओ ने भी संबोधित किया।
