
शाजापुर।सूरज की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही है. पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है. सोमवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी के कारण ना दिन में सुकून मिल रहा है और ना रात में चैन. वहीं 13 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही लू की लपटों ने शहरवासियों को झुलसा दिया है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में बारिश होने के बाद गर्मी से राहत मिल सकती है. लेकिन आगामी दो दिन गर्मी कम होने की कोई संभावना नहीं है.
मौसम के हाल ये हैं कि एक सप्ताह से तापमान 40 डिग्री से कम नहीं पहुंचा है. इससे ज्यादा ही दर्ज किया गया है. तीन दिन पहले भी तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था. इसके बाद तापमान 40 से 42 डिग्री दर्ज किया जा रहा है. केवल दिन का ही नहीं, बल्कि रात में भी तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे न दिन में गर्मी से राहत मिल रही है और न ही रात में लोग चैन से सो पा रहे हैं. ऐसे में लोगों का गर्मी के कारण बुरा हाल हो रहा है.
