
बालाघाट।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके गुरुवार को बालाघाट में पत्रकारों द्वारा आयोजित जर्नलिस्ट सम्मान समारोह में शामिल हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाएं भी आगे आये इसके लिए संगठन के माध्यम से उन्हें भी प्रोत्साहित करना सुखद होगा। लोकतंत्र के चौथा स्तम्भ समाज के लिए बेहद आवश्यक है। खासकर सोशल मीडिया के दौर में प्रमाणिकता के लिए मीडिया ने अपनी छवि बनाई है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में बेहतर व समरसता का कार्य करने वाले नागरिको को समानित करना संगठन का सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओँ का लाभ पहुँचे। इसमें तहसील स्तर के पत्रकार काफी सहयोगी हो सकते है। वे शासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराएं जिससे उनका विकास हो सकें। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने भी संबोधित करते हुए कार्यक्रम की सराहना की। सम्मान समारोह में लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे, वारासिवनी विधायक विक्की पटेल, नपा अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर व पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे उपस्थित रहें।
