लखनऊ ने दिल्ली को दिया 160 रन का लक्ष्य

लखनऊ 22 अप्रैल (वार्ता) एडन मारक्रम (52) और मिचेल मार्श (45) के बीच 87 रन की तेज भागीदारी के बावजूद लखनऊ सुपर जांयट्स (एलएसजी) मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 40वें मैच में दिल्ली के सामने 160 रन का ही लक्ष्य रखने में सफल हो सकी।

इकाना स्टेडियम पर मारक्रम और मार्श ने लखनऊ को तेज शुरुआत दी मगर मध्य क्रम के बल्लेबाज रन गति को हवा देने में विफल रहे और 20वें ओवर तक एलएसजी छह विकेट पर 159 रन ही बना सकी। कप्तान ऋषभ पंत (0) एक बार फिर नहीं चले हालांकि आयुष बदोनी (21 गेंद पर 36 रन) की बदौलत टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा करने में सफल रही। मुकेश कुमार ने 33 रन पर चार विकेट चटका कर एलएसजी के स्कोर को सीमित रखने में अहम योगदान दिया।

मारक्रम और मार्श ने पहले पाॅवर प्ले का भरपूर लाभ उठाते हुये 51 रन ठोक दिये। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने हालांकि गेंदबाजी में चतुराई से बदलाव कर रन गति को लय में आने नहीं दिया। मारक्रम और मार्श ने दसवें ओवर की समाप्ति तक स्कोरबोर्ड में 87 रन टांग दिये मगर इस बीच मारक्रम श्रीलंकाई गेंदबाज दुश्मांता चामीरा की गेंद पर हवा में मारने के प्रयास में डीप प्वाइंट पर खड़े स्टब्स को कैच थमा बैठे। मारक्रम ने अपनी 33 गेंदों की अर्धशतकीय पारी में दो चौके और तीन छक्के मारे।

निकोलस पूरन (9) आज भी नहीं चले और दो चौके मारने के बाद मिचेल स्टार्क की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गये।अब्दुल समद (2) मुकेश कुमार का आज का पहला शिकार बने जिन्हे उन्होने अपनी ही गेंद पर लपक कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। एक छोर पर संयम से खेल रहे मिचेल मार्श को इसी ओवर में मुकेश कुमार ने क्लीन बोल्ड आउट कर मेजबान टीम को दवाब में ला दिया।

आखिरी के ओवरों में आयुष बदोनी और डेविड मिलर ( 14 नाबाद) ने रन गति बढ़ाने का सफल प्रयास किया। बदोनी ने एक के बाद एक छह बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचा कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया मगर उन्हे मुकेश कुमार ने पारी के आखिरी ओवर में यार्कर के जरिये क्लीन बोल्ड आउट कर दिया।

 

 

 

Next Post

एमएसीटी और श्रम न्यायालयों को मुआवजे की राशि सीधे दावेदारों के बैंक खातों में जमा करने का सुप्रीम कोर्ट का निर्देश

Tue Apr 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरणों (एमएसीटी) और श्रम न्यायालयों को मंगलवार को निर्देश दिया कि वे मुआवजे की राशि सीधे दावेदारों के बैंक खातों में जमा करें। न्यायमूर्ति अभय एस ओका और न्यायमूर्ति उज्जल भुयान की पीठ ने स्वत: संज्ञान मामले में ऐतिहासिक […]

You May Like