मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) देश की अग्रणी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल लिमिटेड अडानी डेटा नेटवर्क्स लिमिटेड से 26 गीगाहर्ट्ज बैंड में 400 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम का अधिग्रहण करेगी।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को बताया कि भारती एयरटेल लिमिटेड और उसकी सहायक कंपनी भारती हेक्साकॉम लिमिटेड ने अडानी एंटरप्राइजेज की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी अडानी डेटा नेटवर्क्स लिमिटेड (एडीएनएल) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस समझौते के तहत एयरटेल को गुजरात, मुंबई, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे छह प्रमुख सर्कलों में 26 गीगाहर्ट्ज बैंड में कुल 400 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम का उपयोग करने का अधिकार मिलेगा।
एयरटेल को गुजरात और मुंबई में 100-100 मेगाहर्ट्ज जबकि आंध्र प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और तमिलनाडु में प्रत्येक में 50-50 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम हासिल होगा। यह स्पेक्ट्रम एयरटेल की 5जी सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा, जिससे उच्च गति और कम विलंबता वाली नेटवर्क सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।
कंपनी ने कहा कि यह लेन-देन स्पेक्ट्रम ट्रेडिंग दिशानिर्देशों के अंतर्गत निर्धारित मानक शर्तों और वैधानिक अनुमोदनों की पूर्ति के अधीन रहेगा। यह कदम एयरटेल के नेटवर्क विस्तार और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक रणनीतिक पहल माना जा रहा है।
