
सांसद की अध्यक्षता में जिला समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक
विधायकों ने बताई अपने क्षेत्रों की समस्याएं
जबलपुर। सांसद आशीष दुबे की अध्यक्षता में जिला समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक कलेक्टर सभागार में आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। जिसमें मुख्य रुप से स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, नहर, बिजली, नगरीय विकास, यातायात प्रबंधन, सड़क व सीवर लाईन आदि विषयों की समीक्षा की गई। इसके पूर्व पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के पालन के संबंध में भी चर्चा की गई। बैठक में सांसद दुबे ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय तथा जनप्रतिनिधियों के तालमेल से विकासात्मक कार्य करें। जो भी समस्याऐं आती है, उनका उचित समाधान हो। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क व ड्रेनेज सिस्टम में सुधार, हेंडपम्पों की शिकायत के साथ पेयजल से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के साथ किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान करने के लिए निर्देशित किया।
सीवर लाईन के नाम से सड़कों को खोदना पैसे की बरबादी
बैठक के दौरान विधायक रोहाणी ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों से पैसे लेने के संबंध में उचित कार्यवाही की जाये। नगरीय क्षेत्र में सीवर लाईन के नाम से बिना सूचना के लगातार सड़कों को खोदना पैसे की बरबादी है, इसके लिए पहले से प्लान करना चाहिए। साथ ही कहा कि खोदे गये सड़कों को पूर्व की भांति बनाना सुनिश्चित करें।
सड़कों को गुणवत्ता के साथ ठीक करें
विधायक नीरज सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन अंतर्गत खोदी गई सड़कों को गुणवत्ता के साथ ठीक करें। सड़क सुधार को लेकर अधिकारी जब फील्ड में जाते हैं तब जनप्रतिनिधियों को भी अवगत करायें, ताकि उनकी देख-रेख में गुणवत्तापूर्ण कार्य हो सके।
जर्जर शाला भवनों को बेहतर किया जाए
विधायक संतोष बरकड़े ने कहा कि जर्जर शाला भवनों को बेहतर करने की दिशा में शीघ्र कार्यवाही करें। साथ ही किसानों व मवेशियों को पर्याप्त पानी सुनिश्चित हो इस दिशा में आवश्यक कदम उठायें। उन्होंने नरवाई प्रबंधन के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
शहर की ट्राफिक व्यवस्था को सुधारना बहुत आवश्यक
विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि शहर की ट्राफिक व्यवस्था को सुधारना बहुत आवश्यक है और इस दिशा में प्रभावी कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उखरी चौक में ट्राफिक सिग्नल लगायें जाये। विजय नगर तथा शहर के आस-पास बसें धूम मचा रहीं हैं, बसों को बाहर के मार्ग से बस स्टेंड भेजने की कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करें, क्योंकि ज्यादातर शिकायत शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को लेकर आती है।
लापरवाही न बरती जाये: कलेक्टर
बैठक में सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागीय योजनाओं व प्रगति के बारे में बारी-बारी से प्रजेनटेशन दिया। बैठक में ज्यादातर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली, सड़क व ड्रेनेज सुधार से संबंधित बातें प्रमुखता से हुई। कलेक्टर श्री सक्सेना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बैठक में उठाये गये विषयों को प्राथमिकता से लेकर कार्य करें। इस दिशा में लापरवाही न बरती जाये।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान विधायक अशोक रोहाणी, नीरज सिंह ठाकुर, संतोष बरकड़े, डॉ. अभिलाष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया, जनपद अध्यक्ष सहित कलेक्टर दीपक सक्सेना, नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, एडीशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
