गुना: शहर के महावीरपुरा इलाके में शनिवार तड़के कुछ बदमाशों ने एक मकान में घुसकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन परिवार वाले जाग गए और एक चोर को रंगे हाथों में दबोच लिया है। हालांकि अफरा-तफरी का फायदा उठाकर तीन चोर भागने में भी सफल रहे हैं। पकड़े गए बदमाश को लोगों ने कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटनाक्रम तड़के 4 बजकर 45 मिनट से 5 बजकर 30 मिनट के दरमियानी सामने आया है। महावीरपुरा इलाके में रहने वाले गोलू चंदेल और उनके परिजन गहरी नींद में थे, इसी दौरान 4 बदमाश उनके घर में दाखिल हो गए। बदमाशों ने घर की तलाशी लेना शुरु कर दिया और घर के सभी कमरों में तफरीह करने लगे। इसी दौरान गोलू चंदेल के परिजनों की आंख खुल गई, घर में हरकत होते देख बदमाशों ने भागने में ही भलाई समझी। लेकिन एक बदमाश को घर के सदस्यों ने सक्रियता दिखाते हुए दबोच लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात के दौरान घर में रखे ढाई हजार रुपए पर हाथ साफ कर लिया था, इन रुपयों को भागने वाले बदमाश अपने साथ ले जाने में सफल रहे हैं। वहीं जिस बदमाश को लोगों ने दबोचा, उसकी तलाशी लेने पर जेब से एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर की जेब से बरामद किया गया लाइसेंस भी चोरी का हो सकता है, जिसे बदमाश ने किसी घर में वारदात को अंजाम देने के दौरान अपने पास रख लिया था। वहीं सूचना मिलते ही डायल-100 मौके पर पहुंच गई और पकड़े गए बदमाश को अपने साथ कोतवाली ले गई है।
