
सीहोर। गुरुवार की सुबह साढ़े दस बजे किसी राहगीर ने डायल 100 पर सूचना दी कि क्रिसेंट चौराहे के पास एक गैस टैंकर और बस में टक्कर हो गई है. टक्कर इतनी भीषण थी कि गैस टैंकर से रिसने वाली गैस आग में तब्दील हो गई और बस में भी आग लग गई. सूचना के बाद तत्काल अमला मौके पर पहुंचा और राहत कार्य प्रारंभ किया.
गुरुवार की सुबह हाईवे पर औद्योगिक आपदा प्रबंधन के तहत मॉकड्रिल की गई. जिसमें गैस टैंकर व यात्रियों से भरी बस में टक्कर के बाद उपजे हालातों पर काबू पाने का पूर्वाभ्यास किया गया. यह सीन इतना वास्तविक था कि आसपास के नागरिक अचंभित रह गए और इस घटना की सच्चाई जानने के लिए कई नागरिकों ने प्रशासन के आला अफसरों को फोन भी लगा लिया. डायल 100 की सूचना पर कलेक्टर बालागुरू के तथा कमान्ड सेंटर की प्रभारी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटना स्थल की ओर रवाना हुई. महज पांच से दस मिनिट के भीतर एसडीआरएफ की टीम, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन की अन्य टीमें घटना स्थल पर पहुंच गई और बचाव की कार्रवाई यु़द्ध स्तर पर शुरू कर दी. कुछ ही पल में अग्निशमन दल ने गैस टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को बंद कर आग पर काबू पाया.
