11 सौ में होंगे शारदा माता के शीघ्र दर्शन 

सतना/मैहर।धार्मिक और पवित्र मैहर नगर में स्थित मां शारदा देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को न्यूनतम दर पर शीघ्र दर्शन सुविधा प्रारंभ की जायेगी। शीघ्र दर्शन सुविधा चाहने वाले दर्शनार्थियों को 1100 रूपये की टिकट पर मुफ्त रोपवे से आना जाना, मंदिर में मां शारदा के सुलभ दर्शन की व्यवस्था के बाद समिति की ओर से चुनरी प्रसाद भी भेंट किया जायेगा।

इस आशय के निर्णय मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष कलेक्टर रानी बाटड की अध्यक्षता में बुधवार को मंदिर समिति की संपन्न प्रथम बैठक लिये गये। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक एवं एसडीएम विकास सिंह, प्रधान पुजारी पवन पाण्डेय, सचिन मिश्रा, मैनेजर रोपवे असरफ अली, शासकीय और अशासकीय सदस्य भी उपस्थित थे।

मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति का आय-व्यय पत्रक वर्ष 2024-25 एवं आगामी बजट 2025-26 पर चर्चा की जाकर अनुमोदन किया गया। बैठक में चैत्र मेला व्यवस्था के तहत दर्शनार्थियों की सुविधा व्यवस्था के लिए किये गये कार्यों तथा इस पर हुए व्यय की कार्योत्तर स्वीकृति भी दी गई। बैठक के अन्य बिंदुओं में बताया गया कि दामोदर रोपवे 2009 से शुरू किया गया है। जिसकी ट्राली पुरानी होने से बदलना आवश्यक है। इस संबंध में निर्णय लिया गया कि इस कार्य के लिए स्टीमेट और रोपवे अपग्रेड का प्लान अगली बैठक में प्रस्तुत किया जाये। मां शारदा देवी मंदिर में लाइट एण्ड साउंड शो की व्यवस्था के लिए बावडी के पास का स्थान चिन्हित किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि प्रायः देखने में आया है कि समिति द्वारा जो दुकानें प्रसाद विक्रय के लिए दी गई है। उनमें यात्रियों को ठहराने, होटल का संचालन एवं अन्य कार्यों के लिए किया जा रहा है और दुकानों के बाहर अनावश्यक अतिक्रमण भी किया गया है। मंदिर समिति में निर्णय लिया कि समिति द्वारा निर्धारित उद्देश्य के लिए दी गई दुकानों में प्रसाद विक्रय किया जाये और अतिक्रमण स्वेच्छापूर्वक हटा लिया जाये। कलेक्टर रानी बाटड ने कहा कि मां शारदा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चुनरी और साडियां भेंट की जाती है। समिति के निर्णय अनुसार इन साडियों और चुनरी का उपयोग निर्धन परिवार की कन्याओं के विवाह में आशीर्वाद स्वरूप भेंट की जायेंगी। इनमें एक विवाह पर कन्या को 5 साडियां और 1 चुनरी समिति की तरफ से दी जायेगी। मंदिर प्रबंध समिति में मां शारदा देवी मंदिर को दान देने वाले दान दाताओं को सम्मान स्वरूप बिना नाम लिखे हुए सम्मान पत्र भी दिये जाने का निर्णय लिया।

Next Post

श्योपुर के नायब तहसीलदार की कार पलटी, तीन घायल

Wed Apr 16 , 2025
शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में एक सरकारी कार हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे 46 पर अटलपुर गांव के पास यह हादसा हुआ। कार में श्योपुर के नायब तहसीलदार शैलेंद्र देव सेंगर, पटवारी शिवशंकर और वाहन चालक राहुल सिंह सवार थे। तीनों कर्मचारी शासकीय कार्य से भोपाल […]

You May Like