
शाजापुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का क्या स्तर है, यहां कैसे मरीजों को उपचार दिया जा रहा है तथा बीमारियों की रोकथाम के लिए यहां की स्वास्थ्य सेवाएं कितनी कारगर हैं. इसकी जांच करने मंगलवार को दिल्ली की टीम जिला अस्पताल पहुंची, जहां उन्होंने मेटरनिटी, ओटी, एनसीडी आदि की जांच की.
दरअसल, इन दिनों क्वालिटी नेशनल प्रोग्राम किए जा रहे हैं, जिसमें अस्पतालों की सुविधाओं को लेकर रिपोर्ट तैयार की जाना है. इसके लिए दिल्ली की टीम के अधिकारियों का दल मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचा. यहां अधिकारियों ने मेटरनिटी, एसएनसीयूए ब्लाइंडनेस आदि के लिए यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. फिलहाल तो अधिकारियों ने जिला अस्पताल को अपना कोई फिडबैक नहीं दिया है, लेकिन उन्होंने अधिकारियों से सवाल जवाब जरूर किए. साथ ही कुछ निर्देश भी दिए. अब देखना है जिला अस्पताल की सुविधाओं ने अधिकारियों को कितना प्रभावित किया और जिला अस्पताल इन सुविधाओं में किस स्थान पर रहेगा.
मरीजों से मिले अधिकारी
अधिकारियों ने जिला अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी जुटाई. साथ ही वे यहां भर्ती मरीजों से भी मिले. इसके बाद उन्होंने सिविल सर्जन सहित अन्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक भी ली, जिसमें अस्पताल के बारे में जरूरी जानकारी जुटाई गई. इसके बाद अधिकारियों का दल यहां से रवाना हो गया.
तीन दिन जिले में बिताएंगे अधिकारी
टीम के अधिकारी तीन दिन जिले में रहेंगे. पहले दिन टीम ने मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय और जिला अस्पताल का निरीक्षण किया है. इसके बाद बुधवार को टीम शुजालपुर, कालापीपल आदि का दौरा कर नेशनल प्रोग्राम के लिए यहां की स्वास्थ्य सुविधाओं को देखेंगे.
