
भोपाल। मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई के दौरान ग्राम बरखेड़ी अब्दुल्ला निवासी शिवाजी लाल ने अपनी आप बीती अधिकारियों को सुनाई. शिवाजीलाल ने कई अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है. उन्होंने इस मौके पर बताया कि उनकी भूमि पर हुए कब्जे को मुक्त कराने के संबंध में रिश्वत की मांग की गई है. शिवाजीलाल ने पटवारी अजय सिंह बघेल, राजस्व निरीक्षक प्रेमनारायण प्रजापति, अपर तहसीलदार वृत-2 नरेन्द्र सिंह परमार, अनुविभागीय अधिकारी तहसील हुजर भोपाल विनोद सोनकिया पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
उन्होंने बताया कि इन अधिकारियों द्वारा उनसे 5 लाख रूपये रिश्वत के रूप में मांगी गई है. रिश्वत न देने पर उनकी कृषि भूमि का कब्जा नहीं दिलाने की बात भी उनसे कही गई है. शिवाजीलाल ने बताया कि उनकी कृषि भूमि खसरा नम्बर 391 रकवा 0.120 हेक्टेयर और खसरा नम्बर 395 रकथा 0.170 हेक्टेयर का सीमांकन राजस्व प्रकरण कमांक से दिनांक 11 सितम्बर 2022 को हुआ था. जिस पर राजेन्द्र और मुकेश मैथिल द्वारा अनाधिकृत रूप से अवैध कब्जा कर लिया गया. इसे बेदखल करने का आदेश दिया गया था, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई.
वार्ड क्रमांक 17 बाफना कॉलोनी निवासी ममता बाई ने अपनी फरियाद अधिकारियों को सुनाई. उन्होंने बताया कि बिजली कंपनी के ठेकेदार की लापरवाही के चलते उनके पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई था. मृतक ही उनके घर का खर्च चलाने वाला अकेला था. अब उनके नहीं रहने से पूरा परिवार आर्थिक संकटों से गुजर रहा है. उनके पति कैंसर पीडित हैं. ममता ने ठेकेदार पर कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है.
