
सीधी। सीधी जिले के धौहनी विधानसभा क्षेत्र के बस्तुआ में भालू के हमले में मृतक एवं घायलों के परिजनों से मिल कर सीधी सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ितों तत्काल सहायता के आवश्यक निर्देश दिए।
सीधी सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी संसदीय क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्तुआ में जंगली भालू द्वारा किए गए घातक हमले में बब्बू यादव, उनके पुत्र संतोष यादव तथा दीनबंधु साहू की दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ाजनक है।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मनीष साहू एवं तेजबली सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही मैं स्वयं घटनास्थल पर पहुंचा और पीड़ित परिवारों से भेंट कर उनकी पीड़ा साझा की।इस दौरान धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम एवं मंडल अध्यक्ष पोड़ी श्रीमती अनीता सिंह भी पीड़ित परिवारों के साथ मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि घायलों के उपचार में कोई कमी न रहे तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जाए।सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
