
सिंगरौली। महान समाज सुधारक, अर्थशास्त्री, कानूनविद, सिम्बल ऑफ नॉलेज व संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बीआर अम्बेडकर की 134 वीं जयंती जिले में बड़े ही उत्साह व हर्षोल्लास से मनाई गयी। दलगत राजनीति, ऊंच-नीच व भेदभाव से परे सभी ने जहां एक साथ एक स्वर में जय भीम का उद्घोष किया। वहीं जिला मुख्यालय स्थित अम्बेडकर चौक पहुंच बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
अजाक्स व अपॉक्स के संयुक्त तत्वाधान में बाबा साहेब जयंती का प्रमुख समारोह राम लीला मैदान में आयोजित हुआ। जहां मुख्य अतिथि के रूप में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ग्रामीण ज्ञानेन्द्र द्विवेदी, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, पूर्व विधायक रामलल्लू बैस, सुभाष राम चरित्र मौजूद रहे। जबकि विशेष अतिथि के रूप में पूर्व महापौर रेनू शाह, पूर्व जिपं अध्यक्ष मधु शर्मा, व राम शिरोमणि शाहवाल मौजूद रहे। समारोह को सम्बोधित करते हुए विधायक श्री शाह ने कहा कि बाबा साहेब को संविधान निर्माता के साथ शोषितए पीड़ित, दलित, पिछड़ो व महिलाओं के उद्धारक रूप में याद किया जाता है। राजतन्त्र व मुगल राज में कुछ लोगों को छोड़ किसी को कोई अवसर और अधिकार नही था। वह सारे अधिकार बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से दिया।
