खरगे-सोनिया-राहुल ने संसद भवन में दी अम्बेडकर को श्रद्धांजलि

खरगे-सोनिया-राहुल ने संसद भवन में दी अम्बेडकर को श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संविधान निर्मार्ता बाबा साहेब अम्बेडकर की 135वीं जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।

संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में बाबा साहेब की जयंती पर उनको नमन करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में श्री खरगे, श्रीमती गांधी तथा श्री गांधी के साथ ही कई अन्य प्रमुख नेताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस नेताओं ने संविधान की शक्ति देकर करोड़ों भारतीयों को सम्मान और स्वाभिमान से जीने का अधिकार देने वाले बाबा साहेब को संसद भवन परिसर में प्रेरणा स्थल पर उनकी मूर्ति पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इस दौरान वहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

श्री गांधी ने बाबा साहेब को नमन करते हुए कहा “भारतीय संविधान के निर्माता बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर जी को उनकी जयंती पर सादर नमन। देश के लोकतंत्र को मज़बूत करने के लिए, हर भारतीय के समान अधिकारों के लिए, हर वर्ग की हिस्सेदारी के लिए उनका संघर्ष और योगदान, संविधान की रक्षा की लड़ाई में हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।”

इस बीच श्री खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर डॉ. अम्बेडकर के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा “भाजपा कहती है कि कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब को संविधान सभा का सदस्य तथा ड्राफ्टिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया। बाबा साहेब ने अपने मित्र को 18 जनवरी 1952 में लिखे पत्र में खुद लिखा था कि मुझे हराने में एस.ए. डांगे और सावरकर का हाथ था। ये दोनों चाहते थे कि बाबा साहेब हार जाएं और यही उनकी मंशा थी। आरएसएस के लोगों ने संविधान की प्रति को राम लीला मैदान में जला दिया था। जिनके पुरखों ने संविधान की प्रति जलाई, महात्मा गांधी जी और नेहरू जी की तस्वीर जलाई, उनके चेले ही आज भाजपा के सदस्य हैं इसलिए भाजपा जनता को गुमराह न करे, क्योंकि सच्चाई सभी को पता है।”

Next Post

दिल्ली का आईजीआईए 2024 की वैश्विक रैंकिंग में 9वां सबसे व्यस्त हवाई अड्डा

Mon Apr 14 , 2025
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) द्वारा संचालित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआईए) एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) की 2024 की रैंकिंग में दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में नौवें स्थान पर पहुंच गया है। डीआईएएल जीएमआर एयरपोर्ट्स लिमिटेड (जीएएल) के नेतृत्व वाला कंसोर्टियम है। इसने […]

You May Like