
रिमांड के दौरान फजीवाड़े से जुड़े दस्तावेज जब्त
जबलपुर। नगर परिषद पाटन राजस्व शाखा में पदस्थ एक कर्मचारी ने विश्वासघात कर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए 18 लाख रूपए से अधिक का गबन कर शासन को चपत लगाई। कई लोगों के फर्जी नामांतरण कर किसी अन्य व्यक्तियों के भवन के नाम पर फर्जी रसीदें काटीं। नगर पालिका पोर्टल में रसीदे काटने के साथ ही रकम को अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। पाटन पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जिसे दो दिन की रिमांड में लिया गया। इस दौरान आरोपी से फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। रविवार को रिमांड खत्म होने पर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
विदित हो कि सोमनाथ गुप्ता परिषद पाटन कार्यालय में दैनिक वेतन भोगी कर्मचरी था। जिसकी पदस्थापना राजस्व शाखा में थी। ई-नगर पालिका पोर्टल पर आनलाईन रसीद काटने का काम करता था। इस दौरान उसे राजस्व विभाग में कार्य पर लगाया गया और उसका कार्य टैक्स की रसीदें काटना था। सोमेश ने करीब 6 सालों में 18 लाख रुपयों की राशि अपने बैंक खाते में जमा की। सोमेश ने परिषद आने वाले लोगों की विभिन्न मदों की रसीदें काट दीं थी और रुपए अपने खाते में जमा कर लिया। सोमेश ने जलकर, सम्पत्ति कर यहां तक कि नक्शे पास करने के भी रुपए लिए और अपने खाते में जमा करा लिए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया जिसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई फर्जीवाडे से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। रिमांड खत्म होने पर रविवार को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।
