टोक्यो, 12 अप्रैल (वार्ता) जापान के पश्चिमी शहर ओकायामा में करीब तीन सप्ताह पहले लगी आग बुझा ली गयी है।
सार्वजनिक प्रसारक एनएचके ने बताया कि पांच अप्रैल से कोई सक्रिय लपटें या हॉट स्पॉट नहीं मिलने के बाद शहर के अग्निशमन विभाग ने शुक्रवार को यह घोषणा की। रिपोर्ट में कहा गया है कि ओकायामा प्रान्त में दर्ज की गयी सबसे बड़ी जंगल की आग से पड़ोसी तामानो शहर के कुछ हिस्सों सहित लगभग 565 हेक्टेयर भूमि जल गयी थी और कम से कम छह घर तथा गोदाम नष्ट हाे गये थे।
अग्निशमन अधिकारियों ने 28 मार्च को घोषणा की कि आग पर काबू पा लिया गया है, जबकि शहर ने प्रभावित क्षेत्रों में हॉट स्पॉट की जांच करने के लिए जमीन पर हेलिकॉप्टर और अग्निशमन दल तैनात करना जारी रखा। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसा माना जा रहा है कि 23 मार्च को लगी जंगल की आग एक मजदूर ने लगायी थी। उसने पेड़ों को काट कर उनमें आग लगा दी थी। पुलिस घटना के कारण की जांच कर रही है।
ओकायामा शहर आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक फील्ड अध्ययन करने की योजना बना रहा है।

