
रोम, 08 अप्रैल (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) ने सोमवार को अमेरिका की ओर से हाल ही में जारी अधिसूचनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की, जिनमें 14 देशों में आपातकालीन खाद्य सहायता निधि पर संभावित रोक का संकेत दिया गया है।
डब्ल्यूएफपी ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा, “यदि इसे लागू किया जाता है, तो यह अत्यधिक भूख और भुखमरी का सामना कर रहे लाखों लोगों के लिए मौत की सजा के बराबर हो सकता है।”
एजेंसी ने कहा कि वह वर्तमान में अमेरिकी सरकार से स्पष्टीकरण मांगने और अपने जीवन रक्षक कार्यक्रमों के लिए निरंतर समर्थन की अपील करने के लिए संपर्क में है।
डब्ल्यूएफपी ने अमेरिका और अन्य अंतरराष्ट्रीय दाताओं से प्राप्त योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
विदेश विभाग और अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी के सहायता स्रोतों ने सोमवार को कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन ने अफगानिस्तान, यमन और अन्य 12 देशों के लिए खाद्य सहायता सहित अधिकांश शेष अमेरिकी सहायता को रद्द करने का फैसला किया है।’
