शहडोल: बाघ के नाखूनों की तस्करी करते तीन आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। यह नाखून संजय गांधी टाइगर रिजर्व में मृत पड़े बाघ से आरोपियों ने निकाले थे और बिक्री करने की फिराक में थे। तभी वन विभाग की विशेष टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पांच नाखून और दो मोटर साइकिल भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई वन संरक्षक अजय पाण्डेय और वनमंडलाधिकारी तरूणा वर्मा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अमझोर में की गई।
यह कार्रवाई वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, भोपाल द्वारा मिली सूचना के आधार पर की गई। सभी आरोपियों की तलाशी लेने पर 5 नाखून मिले। पकड़े गए आरोपियों में वंशपति सिंह गोड़ (51 वर्ष), निवासी ग्राम हरदी, जिला सीधी,रमेश सिंह (63 वर्ष), निवासी ग्राम ददरीटोला, जिला सीधी,लालमन पनिका (51 वर्ष), निवासी लुरघुटी, जिला सीधी ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने ये नाखून संजय टाइगर रिजर्व के ग्राम अमगांव के पास जंगल में मृत पड़े बाघ के शव से निकाले थे और इस बिक्री करने की फिराक में घूम रहे थे।
