
बीना। शहर सब स्टेशन से इटावा और तहसील फीडर जाने वाली 11 केवी लाइन का तार टूटकर शाम करीब 5:30 बजे माथुर कॉलोनी में छह मकानों की छतों पर गिर गया।हादसे के वक्त लोग छत पर नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद सब स्टेशन से बिजली सप्लाई बंद हो गई।ऑपरेटर ने दोबारा लाइन चालू करने की कोशिश नहीं की,जिससे किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई।चंद्रशेखर वार्ड पार्षद नवीन साहू ने बताया कि गर्मी के कारण लोग घरों के अंदर थे। यदि यह हादसा शाम के समय होता तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।माथुर कॉलोनी में 11 केवी लाइन 22 घरों के ऊपर से गुजरती है। सोमवार को तार टूटकर छह मकानों की छतों पर गिरा। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली कंपनी को सूचना दी।खबर मिलते ही बिजली कंपनी के उपयंत्री बीएस तोमर कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे में तार जोड़कर सप्लाई दोबारा शुरू कराई गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में तार गिरने की यह दूसरी घटना है। इसके बावजूद लाइन शिफ्ट नहीं की गई। उन्होंने बिजली कंपनी के अधिकारियों से कहा कि एस्टीमेट बनाकर दें,वह लाइन शिफ्ट कराएंगी। यह जनता की सुरक्षा से जुड़ा मामला है, इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
