भिंड:शहर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित कान्हा होटल के पास एक तीन मंजिला कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। घटना को देखते हुए तत्काल मौके पर भिंड की दो गाड़ियां समेत, मेहगांव, रौन और फूप की फायर बिग्रेड बुलाई गई। स्थानीय लोगों ने कपड़ा व्यापारी पवन जैन की शोरूम में आग की लपटें उठती हुई देख पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।
इसके बाद एक के बाद एक फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। यहां आग की लपटें बढ़ती देख आस-पास की दुकानें खाली कराई गई। स्थानीय लोगों की भीड़ को बढ़ता देख तत्काल पुलिस बल ने लोगों को घटना स्थल से दूर किया। इस दौरान एक फायर बिग्रेड में पानी कम होने के कारण बुझाने में मुश्किल आई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखा। लोगों ने खुद पानी डालकर आग पर काबू पाने को का प्रयास शुरू कर दिया। इसके बाद रौन, फूप और मेहगांव कस्बे से 3 दमकल बुलाए गए। इसके बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया।
