सिंगरौली: मोरवा क्षेत्र में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। यहां कैंपर जैसे वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर लोगों को जोखिम भरा सफर कराया जा रहा है। कई यात्री वाहन के पीछे लटककर और असुरक्षित तरीके से यात्रा करते नजर आ रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र में इस तरह से सवारियां ढोने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नियमों के मुताबिक क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही ओवरलोड और असुरक्षित वाहनों की जांच कर सख्ती बरती जानी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने मोरवा सहित आसपास के इलाकों में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने और क्षमता से अधिक सवारियां ले जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
