हरिद्वार (वार्ता) युवा ऑल स्टार्स चैम्पियनशिप का सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार को वॉरियर्ज़ केसी और युवा योद्धास के बीच खेला जायेगा।
हरिद्वार के वंदना कटारिया इंडोर स्टेडियम में चल रही चैंपियनशिप में युवा योद्धास ने एलिमिनेटर 1 में युवा मुंबा को आसानी से शिकस्त दी जबकि एलिमिनेटर 2 में वॉरियर्ज़ केसी ने अतिरिक्त समय में सोनीपत स्पार्टन्स के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद जीत दर्ज की।
युवा योद्धास और वॉरियर्ज़ के.सी. के बीच सेमीफाइनल मुकाबले का विजेता शुक्रवार को फाइनल मुकाबले में जयपुर पिंक क्यूब्स से भिड़ेगा।
दिन के पहले एलिमिनेटर मुकाबले में युवा योद्धास ने युवा मुंबा को 38-27 से शिकस्त दी।पहले हाफ में उत्तर प्रदेश की टीम ने युवा मुंबा को ऑल आउट करते हुए 18-14 की बढ़त बनाई। लय को बरकरार रखते हुए दूसरे हाफ में युवा योद्धास ने मुंबा को एक बार फिर से ऑल आउट करते हुए बढ़त को 12 अंकों तक ला दिया। जिसके बाद एक सुपर रेड करते हुए युवा योद्धास ने 11 अंकों से इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
युवा मुंबा के अभिमन्यु रघुवंशी ने 14 रेड अंक अर्जित किए, लेकिन जीत के लिहाज से यह टीम के लिए नाकाफी रहा। युवा योद्धास के शिवम सिंह 9 अंक और सोनू राठी 8 अंक के साथ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे। दूसरे एलिमिनेटर मुकाबले में वॉरियर्ज़ के.सी. ने सोनीपत स्पार्टन्स को करीबी मुकाबले में 48-43 से हराया। यह इस टूर्नामेंट का पहला अतिरिक्त समय तक जाने वाला मैच भी रहा।
