
प्लाट बेचने के नाम पर महिला ने की जालसाजी
जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में प्लाट बेचने के नाम पर एक महिला ने षडयंत्र रचते हुए जालसाजी कर एक बुजुर्ग से 6 लाख 90 हजार रूपए ऐंठ लिए। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर आरोपिया की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सरमन लाल कोरी पिता स्व. छोटे लाल कोरी 73 वर्ष निवासी रानीपुर माली मोहल्ला मदन महल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्ष 2012 में बीएसएनएल से सेवानिवृत हुआ है। गुलाटी पेट्रोल पंप के पास शीतल छाया के नाम का गीता रावत का एक आफिस था एवं गीता रावत चौकीताल में शीतल छाया ऐसोसिएट एण्ड डेवलपर्स के नाम से प्लाट विक्रय कर रही थी। तब चौकीताल जाकर प्लाट देखा था, गीता रावत से 40×50 कुल 2000 वर्ग फुट जमीन प्लाट खरीदने का मौखिक सौदा हुआ था। 300 रुपये वर्ग फिट के हिसाब से प्लाट का सौदा हुआ था, यह भी बात हुई थी कि किस्तो में कुल 6 लाख 90 हजार रुपये देना था। किस्तों में बैक चैक के माध्यम से 6,90,000 रुपये गीता रावत को दिया था। चैक शीतल छाया एसोसिएट एण्ड डेवलपर्स के नाम से चैक दिया था। प्लाट की राशि पूरी गीता रावत को देने के बाद भी आज दिनांक तक गीता रावत ने 2000 वर्ग फिट प्लाट की रजिस्ट्री उसके नाम से नहीं की है। महिला व्दारा षडयंत्र रचते हुये धोखाधडी कि नियत से छलावा करते हुऐ किसी अन्य की भूमि को अपना दर्शित कर उक्त प्लाट के एवज में 6,90,000 रुपये ऐंठे है। गीता रावत द्वारा षडयंत्र के तहत और भी कई लोगों के साथ में इस तरह की जालसाजी की गई है।
