रांची, (वार्ता) राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग के अंतिम चरण के छठे दिन मंगलवार को हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, महाराष्ट्र और बंगाल ने अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की।
आज यहां खेले गये पहले मैच में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने पूल ए में मिजोरम को 1-1 (शूटआउट में 2-0) से हराया। संजना किरो ने (पांचवें) मिनट में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के लिए पहले क्वार्टर में गोल करके स्कोरबोर्ड पर खाता खोला। दूसरी ओर मिजोरम के लालतलांचुंगी ने (55वें ) मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। द्रुप्ति नाइक और कप्तान सुमी मुंदरी ने शूट-आउट में मिले पहले तीन मौकों में से दो में गोल किए। नामसी जारिका (जीके) खेल की स्टार रहीं, क्योंकि उन्होंने शूट-आउट में मिजोरम के सभी चार स्ट्राइक को बचाकर मैच को जीत लिया।
दिन के दूसरे मैच में महाराष्ट्र ने मणिपुर को 4-0 से हराया। महाराष्ट्र के लिए सानिका चंद्रकांत माने ने (तीसरे), तनुश्री दिनेश कडू ने (36वें), संजना रायकवार ने(54वें) और निक्कू गुर्जर ने (59वें) मिनट में गोल किए।
अन्य मैच में बंगाल ने महाराष्ट्र को 1-0 से हराया। दोनों टीमों ने खेल के दौरान एक-दूसरे को गोल करने से रोका। लेकिन शांति होरो ने (59वें) आखिरी मिनट में हॉकी बंगाल के लिए निर्णायक गोल करके खेल का रुख बदल दिया।
