
सीहोर. शहर के मुर्दी मोहल्ले में देवी मंदिर पर दसा माता की पूजन करने गईं महिलाओं व बच्चियों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. इससे महिलाओं में भगदड़ मच गई. मधुमक्खियों के हमले में घायल कुछ को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती भी किया गया है.
जानकारी के अनुसार मुर्दी स्थित देवी मंदिर में सोमवार की सुबह आसपास की महिलाएं दसा माता की पूजन करने गई थीं. बताया जाता है कि पूजन के दौरान धुआं उठने से समीप के पीपल के पेड़ पर लगे मधुमक्खियां बिफर गईं और उन्होंने पूजा कर रही महिलाओं पर हमला बोल दिया. इस घटनाक्रम से महिलाएं व बच्चियोंं में हड़कंप मच गया और वह बचने के लिए भागने लगीं. कई ने आसपास के घरों में छुपने में भलाई समझी. लेकिन तब तक मधुमक्खी कई महिलाओं को डंक मारकर घायल कर चुकी थीं. मधुमक्खियों के हमले में घायल महिलाओं को अस्पताल लाया गया जहां दो- तीन को अधिक तकलीफ होने पर भर्ती करते हुए शेष का प्राथमिक उपचार कर घर रवाना कर दिया था.
