दिल्ली में विकास की नयी शुरुआत की ऐतिहासिक पहल, 100 दिनों में दिखेगा बदलाव: प्रवेश

नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) दिल्ली में वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने ऐतिहासिक पहल की है और इसका असर अगले 100 दिनों में जमीनी स्तर पर नजर आयेगा।

श्री वर्मा ने सोमवार को यहां कहा कि अब हर विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं को सीधे अधिकारियों के सामने रख रहे हैं और संबंधित विभागों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्हाेंने कहा, “पहले कार्य इसलिए नहीं हुए क्योंकि नीयत नहीं थी, लेकिन अब भाजपा सरकार युद्धस्तर पर काम करके दिल्लीवासियों को राहत देगी।”

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने जोर देकर कहा कि इस पहल का असर अगले 100 दिनों में जमीनी स्तर पर नजर आएगा। इस बैठक में पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इसमें संबंधित क्षेत्रों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे स्थानीय समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा।

श्री वर्मा के साथ बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दों में सड़कों और नालों की मरम्मत, सीवर सफाई और जल निकासी प्रबंधन, जलभराव की समस्या का समाधान, अवैध कब्जों पर कार्रवाई, लंबित विकास परियोजनाओं में तेजी है।

श्री वर्मा ने एक बयान में कहा, “दिल्ली में वर्षों से कोई काम इसलिए नहीं हुआ क्योंकि सरकार की नीयत साफ नहीं थी। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब युद्धस्तर पर काम करने की जरूरत है। हम सड़कों की मरम्मत, सीवर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता विकास है और अगले 100 दिनों में जनता को जमीन पर बदलाव नजर आएगा। हम अधिक से अधिक क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करेंगे। भाजपा सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि लोगों की सेवा के लिए काम करती है।”

बैठक में त्रिलोकपुरी, पटपड़गंज, लक्ष्मी नगर (पूर्वी क्षेत्र), मुंडका, नांगलोई जाट, मोती नगर, मादीपुर (पश्चिमी क्षेत्र), मंगलापुरी, शकरपुर, किराड़ी (उत्तर-पश्चिम क्षेत्र) सहित अन्य विधानसभाओं की समस्याओं पर चर्चा हुई।

श्री वर्मा ने एक बार फिर से दोहराया कि भाजपा सरकार सिर्फ राजनीति के लिए नहीं, बल्कि दिल्ली के लोगों की सेवा के लिए काम कर रही है। यह पहल दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनता को त्वरित राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Next Post

रेखा गुप्ता ने दिल्ली के सांसदों के साथ ‘विकसित दिल्ली बजट’ पर की बैठक

Mon Mar 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी के सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें ‘विकसित दिल्ली बजट 2025’ को लेकर चर्चा की गई। इस बैठक का उद्देश्य दिल्ली के समग्र विकास के लिए सांसदों के सुझावों को शामिल करना और केंद्र […]

You May Like