नवभारत न्यूज़
धार। जिले के बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर बुधवार रात 11 बजे रॉन्ग साइड से आ रहे गैस टैंकर ने कार और पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार चार और कार सवार चार लोगों समेत 8 की मौत हुई है। पिकअप सवार 2 लोग घायल हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ लोग कार और पिकअप में फंस गए थे। उन्हें क्रेन की मदद से निकाला जा सका। कार सवार सभी लोग मंदसौर के एयू स्मॉल फायनेंस बैंक के कर्मचारी थे।
प्राप्त जानकारी अनुसार इंडेन गैस भरा टैंकर नंबर GJ12 AY 8769 बदनावर से लेबड़ नयागांव फोरलेन स्थित ओवरब्रिज पर चढ़कर रांग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से उज्जैन की ओर से आ रही पिकअप गाड़ी को टक्कर मारी। जिसका अगला हिस्सा बुरी तरह से दब गया था। इसमें कुल 6 लोग सवार थे। जिनमें से 4 की मौत हो गई। वही इसके बाद उसके पीछे आ रही कार क्रमांक MP14 CD 2552 कार टैंकर से भिड़ गई। इससे कार सवार 4 लोगो की मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन टैंकर के नीचे घुस गया। वाहन चालक अनूप हनुमानराम जाट पुनिया (23), जोधपुर, जितेंद्र पिता श्रीराम पुनिया निवासी बड़लिया थाना जबर जोधपुर, लिखमाराम पिता मांगीलाल निवासी जोधपुर व महिपाल पिता खरतराम जाट निवासी काली जाल राजस्थान की मौत हो गई। घटना में 3 घायल हुए थे। जिनके नाम जगदीश पिता रामेश्वर बैरागी निवासी जोधपुर, दीपक पिता दुर्गाराम पुनिया जाट निवासी ऊनि जोधपुर है। जगदीश को यहां सिविल अस्पताल भर्ती किया गया। वही लिखमाराम व दीपक को रतलाम रेफर किया गया था। जहां गुरुवार दोपहर लखमाराम ने भी दम तोड़ दिया।
कार सवार सभी लोग मंदसौर के एयू स्मॉल फायनेंस बैंक के कर्मचारी थे। जो इंदौर में एक मीटिंग में शामिल होकर घर लौट रहे थे। कार में सवार ब्रांच मैनेजर गिरधारी पिता नंदलाल माखीजा (44) निवासी राम टेकरी मंदसौर, अनिल पिता सत्यनारायण व्यास (43), निवासी नामली जिला रतलाम, विरम पिता प्रभुलाल धनगर निवासी कोटडा बहादुर सितामउ जिला मंदसौर व चेतन पिता दिलीप बाघरवाल निवासी खानपुरा प्रतापगढ़ रोड मंदसौर की मौत हो गई। टियागो कार गिरधारी माखीजा की थी। वे खुद कार चला रहे थे। कार में आगे की सीट पर अनिल व्यास बैठा था। दोनों कार में ही दब गए थे। वही पिछली सीट पर विरम धनगर व चेतन बाघरवाल बैठे थे। हादसे में गिरधारी, अनिल व विरम की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि चेतन बुरी तरह दब गया था। उसे गंभीर हालत में निकालकर एंबुलेंस से रतलाम रैफर किया था। किंतु रास्ते मे ही दम तोड़ दिया।
हादसा की सूचना मिलते ही एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर व टीआई अमितसिंह कुशवाह पुलिसबल के साथ घटनास्थल पहुंच गए थे।
गुरुवार सुबह एसपी मनोज कुमार सिंह व एसड़ीएम वसीम अहमद भट भी घटनास्थल पहुंचे व हादसे की जानकारी ली।