भोपाल, रेलवे द्वारा टिकट चेकिंग अभियान तेज किया गया है. भोपाल स्टेशन पर मंगलवार को दौरान स्टेशनों पर आने-जाने वाली कुल 19 गाड़ियों के यात्रियों के टिकट की जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले कुल 105 यात्री पकड़े गए, जिनसे रुपये 58,990/- बतौर जुर्माना वसूला गया. अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले कुल 168 यात्री पाए गए, जिनसे रुपये 78,550 जुर्माना वसूल किया गया। बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा कर रहे और स्टेशन पर गंदगी फैलाते हुए 14 यात्री भी पाए गए, जिनसे रुपये 2600 जुर्माना वसूलने के साथ ही यात्रियों को उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने एवं गंदगी ना करने की समझाईश दी गई।
कुल रुपये 1,40,140 का रेल राजस्व प्राप्त हुआ
इस प्रकार क़िलाबन्दी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बिना टिकट, अनुचित टिकट, बिना बुक कराए समान लेकर यात्रा करते पाए गए यात्रियों के पकड़े गए कुल 287 मामलों से कुल रुपये 1,40,140 का रेल राजस्व प्राप्त हुआ। वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक सौरभ कटारिया नें बताया कि यह अभियान यह सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया कि सभी यात्री उचित टिकट के साथ यात्रा करें। अनियमित यात्राओं को रोकने से जहां रेल राजस्व में वृद्धि होती है, वहीं यह यात्रियों के लिए सुगम, सुरक्षित और स्वच्छ यात्रा सुनिश्चित करता है। साथ ही उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। उन्होंने बताया कि प्रतिक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफार्म टिकट पर यात्रा करने की अनुमति नहीं है। प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए यात्रा टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट होना आवश्यक है। यात्री रेलवे की वेबसाइट, और यूटीएस एप का उपयोग कर खुद भी टिकट बुक कर सकते है.
स्टाफ के सहयोग से किलाबन्दी चेकिंग अभियान
भोपाल स्टेशन पर एक साथ सुबह 06 बजे से दोपहर 02 बजे तक वाणिज्य विभाग के 02 पर्यवेक्षक अरुण श्रीवास्तव और सुनील वर्गीस 20 टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से किलाबन्दी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। पर्यवेक्षक टिकट चेकिंग स्टॉफ की निगरानी में चलाये गए इस टिकट चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन के बाहर निकलने वाले रास्ते की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना जाँच के स्टेशन के बाहर न जा सकें। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया की अगुवाई में भोपाल मंडल द्वारा अधिकृत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और रेल राजस्व में वृद्धि करने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे है.
