शिवपुरी: शिवपुरी में बनने वाले नवीन एयरपोर्ट के लिए जमीन का अधिग्रहण होना है। इसमें निजी भू स्वामी किसी प्रकार का विरोध नहीं करें इसलिए प्रशासन ने अपनी तरफ से उनको मनाने, समझाने का काम शुरू कर दिया है। जिससे शांतिपूर्ण तरीके से भू अर्जन का काम पूरा हो सके। वहीं उड्डयन मंत्रालय ने राजस्व और माधव नेशनल पार्क की जमीन आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया है।
दरअसल नवीन एयरपोर्ट के लिए राजस्व भूमि, माधव नेशनल पार्क की भूमि और करीब 42 हेक्टेयर निजी भूमि का भी अधिग्रहण करना होगा। इसमें केवल राजस्व भूमि का आवंटन ही आसान है। माधव नेशनल पार्क अब टाइगर रिजर्व बनने वाला है। ऐसे में अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में अधिक समय लग सकता है। क्योंकि वन भूमि लेने पर दूसरी जगह जमीन भी देना पड़ती है। इसके अलावा निजी भूमि का अधिग्रहण भी आसान नहीं होता है। इसके चलते धारा 4 के तहत सबसे पहले निजी भूस्वामियों से संवाद स्थापित करना होता है। जिसके तहत इन दिनों राजस्व अमला इन निजी भूस्वामियों से बात कर इनको एयरपोर्ट बनने के फायदे बताने के साथ ही जमीन के बदले दिए जाने वाले मुआवजे की राशि की जानकारी भी दी जा रही है।
