जबलपुर: जबलपुर–सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 30 मिनट के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। घटना जबलपुर–अधारताल के बीच की है, जहां ट्रेन के सी-1 कोच में बर्थ नंबर 3/4 के पास खिड़की के कांच पर पत्थर मारा गया। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुखराम बेन, आरक्षक अरुण और आरक्षक संदीप कठेरिया ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।पूछताछ में आरोपी नकुल कुन्डे (24), निवासी बेलबाग टोरिया, जबलपुर ने पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की। उसके साथ मौजूद नौ वर्षीय बालक ने पत्थर नहीं फेंका था।
बालक के माता-पिता को बुलाकर समझाइश दी गई और उसे संरक्षक के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में रेसुब पोस्ट जबलपुर में अपराध क्रमांक 2766/2026 के तहत रेल अधिनियम की धारा 153 एवं 147 में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को नियमानुसार नोटिस देकर रिहा किया गया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और मामले की जांच जारी है।
