मुशफिकुर ने एकदिवसीय क्रिकेट को कहा अलविदा

ढाका 06 मार्च (वार्ता) बंगलादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने बुधवार देर रात अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।

खराब फॉर्म में जूझ रहे मुशफिकुर ने अपने फेसबुक पेज पर अपने संन्यास की जानकारी दी। वह वर्ष 2022 में टी-20 से संन्यास ले चुके है।

मुशफिकुर ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, “मैं आज एकदिवसीय प्रारूप से संन्‍यास की घोषणा कर रहा हूं। सभी चीजों के लिए अलहमदुलिल्‍लाह। विश्‍व स्‍तर पर मेरी उपलब्धि सीमित रही। जब भी मैं अपने देश के लिए खेलने मैदान पर उतरा तो मैंने पूरी लगन और इमानदारी से अपना शतप्रतिशत से अधिक दिया। पिछले कुछ सप्‍ताह मेरे लिए चुनौतीपूर्ण रहे और मैंने महसूस किया कि यही मेरी किस्मत है।”

उन्होंने कहा, “मैं अपने परिवार, दोस्‍तों और प्रशंसकों को धन्‍यवाद करता हूं जिनके लिए मैं पिछले 19 साल तक क्रिकेट खेला।”

मुशफिकुर चैंपियंस ट्रॉफी में भी संघर्ष करते हुए देखे गये। वह भारत के खिलाफ शून्य और न्‍यूजीलैंड के खिलाफ मात्र दो रन बनाकर आउट हुये। उन्होंने आखिरी एकदिवसीय अर्धशतक पिछले वर्ष मार्च में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। इसके बाद वह चोटिल होने की वजह से नवंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ दो एकदिवसीय और नवंबर, दिसंबर में वेस्‍टइंडीज के दौरे पर टीम का हिस्‍सा नहीं थे।

मुशफिकुर ने बंगलादेश के लिए 250 से अधिक एकदिवसीय मैच खेले हैं। वह बंगलादेश में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्‍लेबाज हैं। उन्‍होंने 274 मैचों में 36.42 की औसत से 7795 रन बनाए, जिसमें नौ शतक और 49 अर्धशतक शामिल है। उन्‍होंने बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज सात शतक लगाए और वह कुमार संगकारा, एडम गिलक्रिस्‍ट और एमएस धोनी से पीछे हैं।

Next Post

सारनी में कोयला खदान की छत गिरी, 3 दबे

Thu Mar 6 , 2025
बैतूल, बैतूल जिले के सारनी में एक कोयला खदान की 10 मीटर छत गिर गई। इसमें 3 कर्मचारियों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई है। खदान में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल […]

You May Like