नयी दिल्ली (वार्ता) डीडीए एकादश ने सोमवार को फाइनल मुकाबले में एमसीडी एकादश को हराकर 10वीं यमुना ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया।
इंडियन मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन और आईडीएचसी सोसायटी द्वारा पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में डीडीए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी एमसीडी को डीडीए के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19.5 ओवर में 115 रन के स्कोर पर समेट दिया। इसके बाद डीडीए ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 12.3 ओवर में 116 रन बनाकर आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया।
डीडीए की ओर से रविंद्र मीणा ने 34 गेंदों में पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 63 रन बनाए और उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट भी झटके। मीणा को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब से नवाजा गया। वहीं चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लेने वाले विकास मेहला ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब अपने नाम किया।
