
मेडिकल संचालक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 1365 नशीली गोलियां जब्त
इंदौर. शहर में नशे के कारोबार पर लगाम कसते हुए क्राइम ब्रांच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल संचालक सप्लायर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 1365 अल्प्राजोलम टैबलेट और एक एक्सेस स्कूटर जब्त की है. आरोपी ये नशीली दवाएं सस्ते में खरीदकर युवाओं को 5 से 10 गुना अधिक दामों पर बेचते थे.
एडिशनल डीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए क्राइम ब्रांच की टीम लगातार गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्धों पर नजर रख रही थी. इसी दौरान टीम चैतन्य हनुमान मंदिर, राजकुमार सब्जी मंडी मेन रोड पर पहुंची, जहां एक काले रंग की एक्सेस स्कूटर पर तीन युवक संदिग्ध रूप से खड़े थे. पुलिस को देखते ही वे तेजी से भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में 26 वर्षीय फरहान कुरैशी निवासी चंदन नगर, 25 वर्षीय मोहम्मद अली निवासी सदर बाजार, 20 वर्षीय मोहम्मद हुसैन निवासी सदर बाजार के साथ मेडिकल संचालक 28 वर्षीय कृतकार्य शारदा निवासी महू को गिरफ्तार किया है.
