
इंदौर. बडगोंदा क्षेत्र के केशरबर्डी रोड पर हुई अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने बताया कि जांच में सामने आया कि 28 वर्षीय नितीन चौहान ने एक शादी समारोह के दौरान आरोपियों की बहन को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी की थी. इस घटना के बाद आरोपी रंजिश पाले बैठे थे और उन्होंने बदला लेने की साजिश रची. आरोपियों ने घटना से पहले 15 दिनों तक मृतक की गतिविधियों की रेकी की थी. गुरुवार 20 फरवरी की रात जब नितीन अपनी सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पूरी कर लौट रहा था, तब आरोपियों ने रास्ता रोककर उस पर हमला कर दिया. मुख्य आरोपी निकेश खराड़ी ने चाकू से नितीन की पीठ पर 3-4 वार किए, जिससे अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए. मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय निकेश खराड़ी, निवासी भगोरा, नयापुरा के साथ 19 वर्षीय राजकुमार गावड, निवासी नयापुरा, 24 वर्षीय विकास गिरवाल, निवासी चौरडिया व 24 वर्षीय विरेंद्र उर्फ शेट्टी गिरवाल, निवासी चौरडिया के साथ 27 वर्षीय प्रेमकुमार इंगोरिया, निवासी चौरडिया को नतीन चौहान की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
पुलिस ने जुटाए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपियों से 5 मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
