करंट से ठेका कर्मी की मौत,12 घंटे पोल पर लटका रहा शव 

घर पर सो रहे थे अधिकारी

 

जबलपुर। आउटसोर्स बिजली कर्मी को 11 केवी लाइन में आए फाल्ट के सुधार का आदेश देकर जूनियर इंजीनियर घर जाकर सो गया, वहीं सुधार कार्य के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू होने से आउटसोर्स कर्मी करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आए आउटसोर्स कर्मी को मौके पर मौत हो गई और वो रातभर पोल पर लटका रहा। जबकि नियमानुसार हाईटेंशन लाइन में कार्य के दौरान जूनियर इंजीनियर को मौके पर उपस्थित रहना अनिवार्य है, लेकिन लाइन कर्मी को कार्य का आदेश देकर साहब घर जाकर सो गए।

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि 23 फरवरी को मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर ग्रामीण सर्किल के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के अंतर्गत जबलपुर ग्रामीण डिविजन के कुंडम-बघराजी डीसी में कार्यरत ठेका कर्मी कौशल किशोर मार्को उम्र 42 वर्ष को जूनियर इंजीनियर के द्वारा आदेशित कर कहा गया कि तितलानी गांव में 11केवी लाइन फाल्ट हो गई है उसे सुधारना है।

जूनियर इंजीनियर के आदेश पर ठेका कर्मी कौशल किशोर रात लगभग 10 बजे पोल पर चढ़कर 11 केवी लाइन में सुधार कार्य कर रहा था, इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू होने से ठेका कर्मी 11 केवी लाइन में चिपक गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह होने पर ग्रामीणों ने देखा की विद्युत पोल पर कोई आदमी चिपका है। ग्रामीणों के द्वारा बघराजी डीसी के जूनियर इंजीनियर को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद आज सुबह पुलिस के सामने लाइन कर्मी का शव पोल से नीचे उतारा गया और डिंडोरी में रह रहे ठेका कर्मी के परिजनों को सूचना दी गई।

Next Post

नशे में धुत ड्राइवर ने व्यस्त इलाके में चलाया ट्रैक्टर, सार्वजनिक धुनाई हुई

Mon Feb 24 , 2025
खंडवा। बीच शहर में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हो गई। शराबी ड्राइवर ने खंडवा की सबसे व्यस्त सड़क पर ट्रैक्टर फुल स्पीड में दौड़ा दिया। राह चलते एक युवक के ऊपर से टायर निकाल दिया। युवक अस्पताल में भर्ती है। लोगों ने ड्राइवर को आगे रोककर उसकी पिटाई […]

You May Like