पुणे, 22 फरवरी, (वार्ता ) निजी जीवन बीमा कंपनियों में से एक बजाज एलियांज लाइफ बीमा-एप्लीकेशन सपोर्टेड बाय ब्लॉक्ड अमाउंट सुविधा (बीमा-एएसबीए) के साथ लाइव होने वाली पहली बीमा कंपनी बन गई है।
कंपनी ने आज यहां कहा कि यह मील का पत्थर भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) की पहल के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य परिचालन को आसान बनाना, पॉलिसीधारकों की सुविधा बढ़ाना, अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना और बीमा प्रीमियम भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाना है। बीमा-एएसबीए प्रीमियम भुगतान को आसान और ग्राहक अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आईआरडीएआई की इस पहल के तहत, पॉलिसीधारक यूपीआई के वन-टाइम मैंडेट (ओटीएम) का विकल्प चुन सकते हैं और यूपीआई के माध्यम से अपने बैंक खाते में एक निर्दिष्ट राशि (2 लाख रुपए तक) को ब्लॉक करने के लिए अधिकृत कर सकते हैं। बीमा कंपनी द्वारा अंडरराइटिंग प्रक्रिया पूरी करने और प्रस्ताव को स्वीकार करने का निर्णय लेने के बाद ही राशि डेबिट की जाएगी। यदि आवेदन 14 दिनों की अवधि के भीतर संसाधित नहीं होता है या प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाता है, तो अवरुद्ध राशि स्वचालित रूप से ग्राहक को वापस जारी कर दी जाती है। यह पहल सुनिश्चित करती है कि पॉलिसी खरीदार के पैसे उनके बैंक खाते में बने रहें और पॉलिसी जारी होने की पुष्टि होने तक उस पर ब्याज मिलता रहे। बजाज आलियांज लाइफ ने अपने भुगतान भागीदारों के साथ साझेदारी में इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक शुरू किया है।
कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण चुघ ने कहा, “2047 तक सभी के लिए बीमा’ के दृष्टिकोण के अनुरूप, आईआरडीएआई ग्राहकों की सुविधा के लिए पारदर्शिता, विश्वास और डिजिटलीकरण को बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कदम उठा रहा है। ये उपाय बीमा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करके ग्राहकों को और अधिक लाभ पहुँचाने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं।”

