नदी में समाया हाइवा, चालक की मौत

मैहर में तमरा रोड के निकट हुआ हादसा

नवभारत न्यूज

सतना . मैहर जिले में गुरुवार को उस वक्त गंभीर हादसा सामने आया जब पुल निर्माण कार्य में लगा एक हाइवा नदी में समा गया. इस घटना के चलते हाइवा चालक की मौत हो गई. घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव रख कर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले में तमरा रोड पर मगुरिहाई के निकट बीहर नदी पर पुल निर्माण का कार्य प्रगति पर है. जिसके चलते निर्माण कार्य कर रही ठेका कंपनी द्वारा वहां पर प्लांट भी स्थापित किया गया है. जहां पर काफी संख्या में मजदूर और वाहन संलग्र हैं. बताया गया कि पुल निर्माण कार्य में लगा हाइवा हर रोज की तरह गुरुवार को भी काम कर रहा था. लेकिन इसी दौरान हाइवा अचानक असंतुलित होते हुए नदी में जा गिरा और देखते ही देखते पानी में समा गया. घटना होती देख प्लांट में मौजूद कर्मचारियों के बीच हडक़ंप मच गया. आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से हाइवा में फसे चालक को बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और हाइवा चालक की मौत हो गई. मृत हाइवा चालक की पहचान अभय मिश्रा के तौर पर हुई. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन सहित ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए. घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और प्लांट के सामने रखते हुए विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. इसी कड़ी में परिजनों ने तमरा होकर रीवा की ओर जाने वाले मार्ग को बाधित करते हुए प्रदर्शन शुरु कर दिया. मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. जिसके चलते परिजन किसी तरह मार्ग से हटने को राजी होते नजर आए.

Next Post

परीक्षा दे रहे छात्र का हाथ पकडक़र बाहर निकाला

Fri Feb 21 , 2025
परिजनों ने कलेक्टर और डीईओ से की शिकायत नवभारत न्यूज सतना . वार्षिक परीक्षा दे रहे कक्षा 6 के छात्रा को बुरी तरह अपमानित करते हुए हाथ पकड़ कर महज इसलिए बाहर निकाल दिया गया कि उसके द्वारा फीस नहीं जमा की गई थी. घटना से उद्वेलित पिता द्वारा जिला […]

You May Like

मनोरंजन